PACHWADUN MEDIA.COM
देहरादून। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मांडूवाला स्थित जंगल में शनिवार शाम एक युवक का शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय मदन के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला था और पिछले कई वर्षों से देहरादून में मजदूरी कर रहा था। उसके शरीर पर धारदार हथियार से चोट के कई निशान मिले हैं।
पुलिस के अनुसार मदन मांडूवाला में अपने परिवार के साथ किराये के मकान में रहता था और शुक्रवार देर रात से लापता था। घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने स्थानीय लोगों की मदद से उसकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान जंगल में उसका शव मिला, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही प्रेमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। एसपी सिटी शेखर चंद सुयाल के अनुसार, मृतक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं। गले के आसपास भी चोट के निशान पाए गए हैं। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।
पुलिस वारदात में इस्तेमाल हथियार और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। साथ ही एक या एक से अधिक लोगों की संलिप्तता समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। परिजनों से पूछताछ के साथ घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

