PACHWADUN MEDIA.COM
सेलाकुई। बीमार पिता के लिए नारियल पानी लेने पहुंचे एक युवक पर कहासुनी के दौरान दुकानदार के बेटे द्वारा तराजू का बाट मारकर हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में युवक के सिर पर गंभीर चोट आई है।
जानकारी के अनुसार मोहम्मद रफीक निवासी पीलीभीत, उत्तर प्रदेश, सेलाकुई में रहकर वाहन चलाता है। बताया गया कि बीती रात रफीक अपने बीमार पिता के लिए बीकानेर मिष्ठान भंडार के पास लगी एक दुकान से नारियल पानी लेने पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसकी दुकानदार के बेटे से कहासुनी हो गई।
आरोप है कि कहासुनी बढ़ने पर दुकानदार के बेटे ने तराजू का बाट उठाकर रफीक के सिर पर मार दिया, जिससे उसका सिर फट गया और वह घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली।
पुलिस ने दुकानदार के पिता को हिरासत में लिया है, जबकि घटना का आरोपी युवक मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश की जा रही है।

