PACHWADUN MEDIA.COM
सेलाकुई स्थित शहीद सत्येंद्र चौक को बीती रात अज्ञात लोगों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना से क्षेत्रवासियों में भारी रोष है। घटना की जानकारी मिलते ही बुधवार सुबह बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी चौक पर एकत्र हो गए और घटना के विरोध में आक्रोश जताया।
सूचना मिलने पर सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि शहीदों की स्मृति से जुड़े स्मारक को क्षति पहुंचाना बेहद निंदनीय है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से घटना की तत्काल जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
स्थानीय लोगों ने भी पुलिस प्रशासन से अज्ञात आरोपियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। लोगों का कहना है कि शहीदों के सम्मान से जुड़े स्मारक के साथ इस तरह की घटना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
मौके पर राज्य आंदोलनकारी शूरवीर सिंह चौहान, आशुतोष चौहान, रविंद्र मोहन पांडे, प्रकाश भट्ट, अनिल नौटियाल, दिनेश तिवारी, पुष्कर बिष्ट, सुमित चौधरी, पूर्व ग्राम प्रधान विजयपाल सिंह बर्तवाल, वीर सिंह रावत, राजेंद्र प्रसाद बलूनी, अमित पवार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
घटना को लेकर क्षेत्र में रोष बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से मामले का जल्द खुलासा कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई किए जाने की उम्मीद जताई है।

