PACHWADUN MEDIA.COM
देहरादून। उत्तराखंड के देहरादून निवासी और बिग बॉस फेम यूट्यूबर अनुराग डोभाल को चचेरे साले राज सिंह चौहान पर कथित जानलेवा हमला करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामले में नेहरू कॉलोनी पुलिस ने राज सिंह चौहान की शिकायत पर अनुराग डोभाल समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
शिकायत के अनुसार, राज सिंह चौहान का आरोप है कि येलो हिल्स कैफे के पास अनुराग डोभाल ने उसका गला दबाया, जबकि उनके साथ मौजूद लोगों ने रॉड से उसके सिर, छाती और चेहरे पर हमला किया। राज ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसे कार के नीचे डालने की भी कोशिश की। इसके अलावा चाकू और बंदूक दिखाकर धमकाने तथा जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
राज की शिकायत के आधार पर नेहरू कॉलोनी पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 117(2), 191(2) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने अनुराग डोभाल को गिरफ्तार कर मामले की जांच आगे बढ़ाई है।
वहीं, अनुराग डोभाल ने अपने ऊपर लगे आरोपों से अलग पक्ष रखा है। उनका कहना है कि पहले उन पर हमला किया गया था और उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को देने के लिए 112 पर कॉल किया था। अनुराग का कहना है कि मामले से जुड़े पूरे तथ्य वह आगे सामने रखेंगे।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों और घटना से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है। मामले में पुलिस की जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

