PACHWADUN MEDIA.COM
सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क एवं मूलभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने 30.78 लाख रुपये से अधिक की लागत से होने वाले विकास कार्यों का शिलान्यास किया। राज्य योजना के अंतर्गत वार्ड संख्या-92 के शिव कॉलोनी एवं कृष्णा विहार तथा वार्ड संख्या-93 के शिवदर्शन कॉलोनी, बनियावाला में आंतरिक मार्गों का इंटरलॉकिंग टाइल्स से निर्माण किया जाएगा।
विधायक पुंडीर ने विधिवत पूजन कर निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। इन मार्गों के निर्माण से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और सड़क संबंधी समस्याओं से राहत मिलेगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, जल निकासी सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य आवश्यकता के अनुसार प्राथमिकता से कराए जा रहे हैं।
इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद अनिल नौटियाल, दर्शन सिंह रावत, दिनेश ध्यानी, धर्मपाल बिष्ट, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

