PACHWADUN MEDIA.COM
सेलाकुई। पछवादून के औद्योगिक क्षेत्र सेलाकुई में खराब मछली लौटाने को लेकर हुए विवाद के दौरान एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दुकान पर बहस के दौरान गुस्से में युवक ने दुकान के शीशे पर जोरदार मुक्का मार दिया। शीशा टूटने से कांच उसकी कलाई में धंस गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में उपचार के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव होने से उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, 36 वर्षीय हरेन्द्र सिंह रावत सोमवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे अपने दोस्त निर्मल बिष्ट के साथ सेलाकुई स्थित पंवार चिकन कॉर्नर पर पहुंचे थे। दोनों ने दुकान से करीब एक किलो मछली खरीदी। घर पहुंचने के बाद जब उन्होंने मछली देखी तो उसमें से दुर्गंध आने की बात सामने आई। इसके बाद हरेन्द्र सिंह अपने दोस्त के साथ मछली लेकर वापस दुकान पर पहुंचे और खराब मछली की शिकायत की।
बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर दुकान मालिक मनीष पंवार और कर्मचारी संतोष थापा से उनकी बहस हो गई। विवाद बढ़ने पर हरेन्द्र सिंह ने कथित तौर पर गुस्से में दुकान के शीशे पर जोरदार मुक्का मार दिया। मुक्का लगने से शीशा टूट गया और कांच का टुकड़ा उनकी कलाई में धंस गया। इससे काफी मात्रा में खून बहने लगा।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल हरेन्द्र सिंह को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी हालत गंभीर हो गई और उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाते हुए विवाद के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। मामले में पुलिस की जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

