PACHWADUN MEDIA.COM
सहसपुर। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता/सेविका कर्मचारी यूनियन उत्तराखंड के आह्वान पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर खंड विकास कार्यालय सहसपुर में धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन खंड विकास अधिकारी सहसपुर को सौंपकर समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की।
ज्ञापन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने कहा कि मार्च 2024 में हुए धरना-प्रदर्शन के दौरान सरकार की ओर से मानदेय बढ़ाने के लिए समिति गठित करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अभी तक इस दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को राज्य कर्मचारी घोषित करने तथा न्यूनतम 26 हजार रुपये मानदेय देने की मांग उठाई।
कार्यकर्ताओं ने सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार ग्रेच्युटी एवं सामाजिक सुरक्षा का लाभ देने, गर्भावस्था के दौरान केंद्र सरकार के प्रावधान के अनुसार 45 दिन का अवकाश उत्तराखंड में लागू करने तथा आकस्मिक अवकाश की व्यवस्था में सुधार की मांग भी की।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन के अलावा अन्य विभागों का कार्य न दिया जाए। साथ ही विभाग द्वारा पूर्व में उपलब्ध कराए गए पंजीकों के स्थान पर कार्यकर्ताओं को अपने खर्च से पंजीके खरीदने की समस्या का समाधान करने और विद्यालयों की तरह गर्मी-सर्दी का अवकाश दिए जाने की मांग की गई।
धरना-प्रदर्शन को सहसपुर के पूर्व प्रधान सुंदर थापा ने भी समर्थन दिया। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मांगों को उचित बताते हुए सरकार से उनकी समस्याओं पर सकारात्मक कार्रवाई की मांग की।

