पूर्व प्रेमिका पर हत्या की साजिश रचने का आरोप, शूटर समेत तीन गिरफ्तार; एक आरोपी फरार
PACHWADUN MEDIA.COM
देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में बैंककर्मी पर हुई फायरिंग की सनसनीखेज वारदात का दून पुलिस ने खुलासा करते हुए कथित तौर पर हत्या की साजिश रचने वाली उसकी पूर्व प्रेमिका समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, प्रेम संबंध में आई दूरी और शादी टूटने के बाद पूर्व प्रेमिका ने बैंककर्मी को रास्ते से हटाने के लिए पांच लाख रुपये की सुपारी दी थी। वारदात को अंजाम देने वाले दो शूटरों में से एक को मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा आरोपी फरार है।
पुलिस के अनुसार, आठ सितंबर को साक्षी चौहान अपने फुफेरे भाई सत्यम कुमार के साथ स्कूटी से बड़ोवाला की ओर जा रही थीं। जीओ पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर आगे मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने स्कूटी रोककर सत्यम पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से सत्यम गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। 11 सितंबर को पटेलनगर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने भागते हुए चाय बागान की पगडंडी के पास पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में अंकित चौहान के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी अंकुर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पूछताछ में अंकित ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि रानीपुर निवासी मोहित के माध्यम से उसकी मुलाकात मालिया रहमान से हुई थी। पुलिस के अनुसार, मालिया के कहने पर अंकित और अंकुर ने सत्यम पर फायरिंग की थी। हत्या के लिए पांच लाख रुपये में सौदा तय होने तथा एडवांस के तौर पर 1.20 लाख रुपये दिए जाने की बात भी सामने आई है।
पुलिस जांच के मुताबिक, मालिया और सत्यम वर्ष 2020 से एक-दूसरे के संपर्क में थे और दोनों एक ही बैंक में कार्यरत थे। इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध बने। वर्ष 2023 में परिवार के दबाव में मालिया की शादी हुई, लेकिन सत्यम से उसका संपर्क बना रहा। बाद में उसकी शादी टूट गई। फरवरी 2026 में सत्यम ने दूसरी युवती से सगाई कर ली और मालिया से दूरी बनानी शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया पर ब्लॉक किए जाने के बाद कथित रूप से नाराज मालिया ने सत्यम की हत्या की साजिश रची।
पुलिस ने मुख्य आरोपी मालिया रहमान और उसके साथी मोहित को देर रात आईएसबीटी के पास से गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में घायल अंकित चौहान का अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि फरार आरोपी अंकुर की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का देसी तमंचा, दो खोखा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।

