PACHWADUN MEDIA.COM
विकासनगर। पछवादून के विकासखंड विकासनगर अंतर्गत ग्राम पंचायत ढलानी को जाने वाली सड़क भारी बारिश के चलते धंसने लगी है। सड़क के लगातार कमजोर होने से करीब एक हजार की आबादी वाले गांव के सामने आवागमन का संकट खड़ा होने की आशंका बढ़ गई है।
ग्रामीणों के अनुसार ढलानी गांव को जोड़ने वाला यही एकमात्र प्रमुख मार्ग है। यदि सड़क का कटाव और धंसाव इसी तरह जारी रहा तो गांव का मुख्य मार्ग पूरी तरह प्रभावित हो सकता है, जिससे ग्रामीणों को आवाजाही में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि ग्राम पंचायत भवन भी भू-कटाव की जद में आ गया है। लगातार हो रहे भूमि कटाव से पंचायत भवन सहित आसपास के क्षेत्र को भी खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मौके का तत्काल निरीक्षण कर सड़क को सुरक्षित करने तथा भू-कटाव रोकने के लिए सुरक्षात्मक एवं स्थायी उपाय किए जाने की मांग की है।

