PACHWADUN MEDIA.COM
सहसपुर। कोतवाली सहसपुर पुलिस ने महमूदनगर रामपुर में हुई घर की चोरी का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण और तीन स्मार्टफोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार बरामद माल की कीमत करीब चार लाख रुपये है।
पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर को महमूदनगर रामपुर निवासी आकाश कुमार ने तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर रात के समय उनके घर से सोने-चांदी के आभूषण और स्मार्टफोन चोरी कर ले गया। मामले में कोतवाली सहसपुर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
घटना के खुलासे के लिए गठित टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। 18 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आशिक पुत्र सलीम, निवासी महमूद नगर शंकरपुर, थाना सहसपुर, उम्र 27 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी का मंगलसूत्र, कानों के टॉप्स, चार जोड़ी बिछुए और तीन स्मार्टफोन बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व में भी कई मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है।

