PACHWADUN MEDIA.COM
विकासनगर। पछवादून के विकासनगर क्षेत्र की सिनेमा गली में सीवर लाइन बिछाने के लिए देर रात खोदा गया गड्ढा राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बन गया। बुधवार देर रात एक बाइक सवार युवक अचानक सड़क पर खोदे गए गड्ढे में बाइक समेत जा गिरा। हादसे में युवक को गंभीर चोटें नहीं आईं, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
बताया गया कि सीवर लाइन के कार्य के लिए सड़क पर गड्ढा खोदा गया था। देर रात पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और स्पष्ट संकेतक नहीं होने के कारण बाइक सवार को गड्ढे का पता नहीं चल पाया और वह बाइक समेत उसमें गिर गया। हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तत्काल गड्ढे से बाइक और युवक को बाहर निकाला। गनीमत रही कि युवक को गंभीर चोटें नहीं आईं। हादसे के बाद क्षेत्रवासियों में संबंधित विभाग और कार्यदायी संस्था की कार्यप्रणाली को लेकर रोष है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का ध्यान रखा जाना बेहद जरूरी है। विशेषकर रात के समय गड्ढे के आसपास बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि वाहन चालक और राहगीर दुर्घटना का शिकार न हों।
क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि सड़क पर खोदे गए गड्ढे के आसपास तत्काल पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की जाए और निर्माण कार्य पूरा होने तक लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम किए जाएं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई तो भविष्य में कोई गंभीर हादसा हो सकता है।

