PACHWADUN MEDIA.COM
विकासनगर, 23 अगस्त 2026। ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत कोतवाली विकासनगर पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ देर रात सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 15 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई में 08 वाहनों को सीज, 05 वाहनों के कोर्ट चालान तथा 02 वाहनों के संयोजन चालान किए गए। चेकिंग के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए दो वाहन चालकों को धारा 185 मोटर वाहन अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया और उनके वाहनों को सीज कर दिया गया।
इसके अलावा दो दुपहिया वाहनों में मोडिफाइड साइलेंसर लगे पाए गए। पुलिस ने मौके पर दोनों साइलेंसर उतरवाकर वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया।

पुलिस ने बताया कि चेकिंग अभियान के दौरान रेस ड्राइविंग, ट्रिपल राइडिंग, काली फिल्म, बिना हेलमेट, मोडिफाइड साइलेंसर, दोषपूर्ण नंबर प्लेट और ड्रिंक एंड ड्राइव सहित यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की गई।
कोतवाली विकासनगर पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और शराब के नशे में वाहन न चलाने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।

