PACHWADUN MEDIA.COM
सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत अटकफार्म के तेलपुरा स्थित दुर्गा मंदिर मिलन केंद्र में हरितालिका तीज महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर ने प्रतिभाग कर क्षेत्र की मातृशक्ति एवं बहनों के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं और सभी को तीज पर्व की शुभकामनाएं दीं।
विधायक पुण्डीर ने कहा कि हरितालिका तीज सनातन संस्कृति, परंपराओं और नारी शक्ति की आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने के साथ समाज में प्रेम, सौहार्द और आपसी भाईचारे की भावना को बढ़ावा देते हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में मातृशक्ति का हमेशा महत्वपूर्ण स्थान रहा है। महिलाओं की सक्रिय सहभागिता से सामाजिक एवं सांस्कृतिक परंपराएं निरंतर समृद्ध हो रही हैं। उन्होंने नई पीढ़ी को भी अपनी संस्कृति और लोक परंपराओं से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया।
महोत्सव में महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान महिलाओं ने विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर का स्वागत एवं अभिनंदन भी किया।
कार्यक्रम में विधायक की धर्मपत्नी एवं मुख्य अतिथि श्रीमती बबीता पुण्डीर, अति विशिष्ट अतिथि श्रीमती अर्चना रावत, श्रीमती सुषमा पाल, श्रीमती उषा बर्तवाल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र की महिलाएं एवं बहनें मौजूद रहीं।

