PACHWADUN MEDIA.COM
विकासनगर। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो का संज्ञान लेते हुए कोतवाली विकासनगर पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग और अभद्रता करने वाले तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक दुपहिया वाहन को भी सीज कर दिया।
पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हुआ, जिसमें तीन युवक मुख्य बाजार में अभद्र एवं अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए हुड़दंग करते दिखाई दे रहे थे। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए कोतवाली विकासनगर पुलिस ने युवकों की पहचान की और तीनों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवकों को संबंधित न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान युवराज शर्मा (20 वर्ष), निवासी लाइन जीवनगढ़, विकासनगर; अभिषेक (21 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर-7 बाबूगढ़, विकासनगर; तथा ओजस शर्मा (25 वर्ष), निवासी अम्बोथा, पांवटा साहिब, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, अशांति और अमर्यादित गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

