PACHWADUN MEDIA.COM
सेलाकुई। स्टोन क्रेशर की भुगतान राशि में कथित तौर पर हेराफेरी कर 15 लाख रुपये अपने निजी खाते में डालने के मामले में थाना सेलाकुई पुलिस ने वांछित चल रहे अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त कहीं भागने की फिराक में था, जिसे मुखबिर की सूचना पर दबोच लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, हरियाणा निवासी संजय कुमार ने 19 जुलाई 2026 को थाना सेलाकुई में शिकायत दर्ज कराई थी कि अरुण कुमार ने स्टोन क्रेशर के भुगतान की रकम फर्म के खाते में जमा करने के बजाय अपने निजी खाते में डालकर करीब 15 लाख रुपये की हेराफेरी की और रकम हड़प ली।
शिकायत के आधार पर थाना सेलाकुई में मु0अ0सं0 98/26, धारा 316(2), 338, 336(3) व 340(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए थानाध्यक्ष सेलाकुई के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
गठित टीम ने 28 अगस्त 2026 को मुखबिर की सूचना पर नामजद अभियुक्त अरुण कुमार (38 वर्ष) पुत्र राजेन्द्र प्रसाद, निवासी शाकुम्भरी देवी रोड, शिव मंदिर, बेहट, सहारनपुर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी भाऊवाला, थाना सेलाकुई, देहरादून को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त गिरफ्तारी से बचने के लिए कहीं भागने की फिराक में था। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

