PACHWADUN MEDIA.COM
विकासनगर, 27 अगस्त। रक्षाबंधन के पावन पर्व से पहले कोतवाली विकासनगर पुलिस ने गुम हुए 14 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई गई है।
भारत सरकार के संचार साथी (CEIR) पोर्टल के माध्यम से गुम और खोए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए विकासनगर पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। मोबाइल गुम होने की शिकायत मिलने पर पुलिस द्वारा तत्काल गुमशुदगी दर्ज कर संबंधित मोबाइल के IMEI नंबर को CEIR पोर्टल पर ब्लॉक एवं ट्रेसिंग के लिए दर्ज किया जाता है। इसके बाद तकनीकी माध्यमों से मोबाइल की निगरानी और ट्रेसिंग की जाती है।
इसी क्रम में पुलिस टीम ने रक्षाबंधन से पूर्व 14 गुम मोबाइल फोन बरामद किए। मोबाइल वापस मिलने पर स्वामियों और उनके परिजनों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। रक्षाबंधन से पहले मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने विकासनगर पुलिस का आभार जताते हुए पुलिस की कार्यशैली की सराहना की।
अब तक 92 मोबाइल बरामद
कोतवाली विकासनगर पुलिस द्वारा CEIR पोर्टल के माध्यम से अब तक कुल 92 गुम मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। इनकी अनुमानित कुल कीमत करीब 20.60 लाख रुपये है। बरामद सभी मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि आमजन की सहायता और उनकी खोई संपत्ति की बरामदगी के लिए कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

