PACHWADUN MEDIA.COM
सेलाकुई, 3 अक्टूबर। सेलाकुई थाना पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को 22.81 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 6.50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर को आकस्मिक चेकिंग के दौरान तेलपुरा स्थित जंगलात चौकी के पास पार्क से कमल चौधरी उर्फ बॉबी (30) को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ थाना सेलाकुई में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह डिलीवरी बॉय का काम करता है और सामान की डिलीवरी की आड़ में नशे के आदी लोगों को स्मैक सप्लाई करता था। पुलिस के मुताबिक वह स्मैक एक स्थानीय नशा तस्कर से खरीदकर लाता था और ऊंचे दामों पर बेचता था। पूछताछ में सामने आई अन्य जानकारियों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से कुआंखेड़ा, थाना लक्सर, हरिद्वार का रहने वाला है और वर्तमान में राजावाला, सेलाकुई में किराये पर रह रहा था।

