PACHWADUN MEDIA.COM
देहरादून। उत्तराखंड में निजी नंबर प्लेट वाली बाइक से Rapido, Zomato, Swiggy, Blinkit सहित अन्य कंपनियों के लिए डिलीवरी और व्यावसायिक सेवाएं देने वालों पर परिवहन विभाग अब शिकंजा कसने की तैयारी में है। विभाग की कार्रवाई की जद में देहरादून के हजारों डिलीवरी कर्मी भी आ सकते हैं।
परिवहन विभाग का कहना है कि निजी वाहनों का व्यावसायिक इस्तेमाल मोटर वाहन नियमों का उल्लंघन है। कमर्शियल वाहनों से कारोबार करने वाले वाहन स्वामियों को परमिट, टैक्स और फिटनेस सहित विभिन्न नियमों का पालन करना पड़ता है। ऐसे में निजी नंबर प्लेट वाले वाहनों के व्यावसायिक इस्तेमाल से नियमों का पालन करने वाले कमर्शियल वाहन संचालकों को नुकसान होता है।
विभाग के अनुसार, निजी बाइक से केवल सवारी ढोने के मामलों में ही नहीं, बल्कि खाना, पार्सल और घरेलू सामान पहुंचाने जैसे कार्यों में भी व्यावसायिक इस्तेमाल की जांच की जाएगी। पहले चरण में यात्री परिवहन से जुड़े निजी वाहनों पर कार्रवाई की जा रही है। इसके बाद फूड और गुड्स डिलीवरी में इस्तेमाल होने वाले निजी वाहनों तथा संबंधित कंपनियों को नोटिस देकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
परिवहन विभाग के उप आयुक्त शैलेश तिवारी ने कहा कि कंपनियां यदि कमर्शियल वाहनों के माध्यम से अपना कारोबार करती हैं तो विभाग को कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन निजी बाइक या कार से व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को सीज किया जा रहा है और संबंधित कंपनियों को भी नोटिस दिए जा रहे हैं। कुछ कंपनियों के कार्यालयों में छापेमारी भी की गई है।
वहीं, डिलीवरी कर्मियों का कहना है कि पहले ही कमाई सीमित है और कमर्शियल वाहन लेने पर टैक्स, परमिट, फिटनेस व अन्य खर्च बढ़ जाएंगे। इससे उनकी आय पर सीधा असर पड़ सकता है। परिवहन विभाग ने हालांकि स्पष्ट किया है कि नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

