PACHWADUN MEDIA.COM
सतेन्द्र चौक स्थित शहीद स्मारक के क्षतिग्रस्त होने के मामले में सेलाकुई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने CCTV फुटेज की जांच के आधार पर स्मारक को क्षतिग्रस्त करने वाले ट्रक को बरामद कर चालक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
26 अगस्त की सुबह थाना सेलाकुई पुलिस को सतेन्द्र चौक स्थित शहीद स्मारक के क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान शहीद सतेन्द्र के परिजन, राज्य आंदोलनकारी संगठनों और अन्य संगठनों से जुड़े लोग मौके पर मौजूद थे और घटना का विरोध करते हुए दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
मौके पर मौजूद लोगों की तहरीर के आधार पर वादी शूरवीर सिंह चौहान निवासी हरिपुर सेलाकुई की तहरीर पर थाना सेलाकुई में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में सामने आया कि एक ट्रक चालक ट्रक को मोड़ रहा था। इसी दौरान ट्रक का पिछला हिस्सा शहीद स्मारक से टकरा गया, जिससे स्मारक क्षतिग्रस्त हो गया।
CCTV फुटेज की मदद से पुलिस ने ट्रक का नंबर चिन्हित किया और औद्योगिक क्षेत्र सेलाकुई से कंटेनर ट्रक संख्या PB10HR1249 बरामद कर लिया। जांच में ट्रक चालक की पहचान शिवम पुत्र हरिराम, निवासी ग्राम भाऊलपुर, थाना छिबरामऊ, जिला कन्नौज, उत्तर प्रदेश, उम्र 30 वर्ष के रूप में हुई।
पुलिस चालक को ट्रक सहित थाना सेलाकुई ले आई। पूछताछ में चालक ने अपनी गलती से घटना होना स्वीकार किया। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

