PACHWADUN MEDIA.COM
सहसपुर। न्यायालयों से जारी गैर-जमानती वारंटों की तामील के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली सहसपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन वारंटियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर गैर-जमानती वारंटों के शत-प्रतिशत निष्पादन के लिए कोतवाली सहसपुर में पुलिस टीम गठित की गई थी। टीम ने 19 सितंबर की रात ग्राम रामपुर, सहसपुर और जस्सोवाला क्षेत्र में दबिश देकर तीन वारंटियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में धीरज ठाकुर (34) पुत्र रमेश चंद्र, निवासी जस्सोवाला, जो धारा 380, 457 और 411 भादवि से संबंधित वाद में वांछित था। दूसरा हिमांशु बडोला (45) पुत्र शिवचरण बडोला, निवासी टीचर्स कॉलोनी, सहसपुर है, जो पारिवारिक न्यायालय देहरादून से संबंधित प्रकरण में वारंटी था। तीसरा विक्की कुमार (32) पुत्र भंवर सिंह, निवासी चोईबस्ती रामपुर कलां, थाना सहसपुर है, जो न्यायालय से संबंधित वाद में वारंटी था।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार तीनों वारंटियों को 20 सितंबर को संबंधित न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रवीण पुंडीर, उपनिरीक्षक जावेद हसन, उपनिरीक्षक राजीव धारीवाल, कांस्टेबल नवबहार सिंह, अनुराग सिंह और संजय राणा शामिल रहे।

