PACHWADUN MEDIA.COM
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और निर्वाचन प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की जांच की मांग को लेकर सोमवार को विकासनगर में जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान तहसील चौक पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला दहन किया गया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर पहुंचकर तहसीलदार विकासनगर के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संजय किशोर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता सुबह करीब 11 बजे उनके निजी कार्यालय पर एकत्र हुए। यहां से कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए जुलूस के रूप में तहसील चौक पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर प्रदर्शन किया और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग उठाई।
इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय किशोर ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर आम मतदाताओं के बीच चिंता की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से संबंधित प्रक्रिया में भेदभाव की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी मतदाता को उसके मताधिकार से वंचित किए जाने की आशंका लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर विषय है। उन्होंने निर्वाचन आयोग से सभी राजनीतिक दलों के प्रति पारदर्शी और समान व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग की।
पूर्व विधायक नवप्रभात ने भी मतदाता सूची से जुड़े मामलों पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष से जुड़े मतदाताओं के नाम हटाने के लिए कथित तौर पर आपत्तियां दाखिल किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने इन मामलों की निष्पक्ष जांच कराने तथा निर्वाचन आयोग से अपनी कार्यप्रणाली के संबंध में स्पष्ट और पारदर्शी जवाब देने की मांग की।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता जुलूस के रूप में तहसील परिसर पहुंचे और तहसीलदार विकासनगर को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता और पारदर्शिता को लेकर पार्टी अपनी आवाज आगे भी उठाती रहेगी।
प्रदर्शन में जिला पंचायत सदस्य पिंकी रोहिल्ला, प्रदेश महासचिव इशिता सेड़ा, एडवोकेट डिंपल, प्रदेश सचिव शम्मी प्रकाश, कालसी ब्लॉक अध्यक्ष सुनील शर्मा, विकासनगर ब्लॉक अध्यक्ष अभिनव ठाकुर, जिला महासचिव राजीव शर्मा, विकासनगर नगर पालिका अध्यक्ष बॉबी नौटियाल समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

