PACHWADUN MEDIA.COM
विकासनगर। राजकीय महाविद्यालय डाकपत्थर में आगामी छात्र संघ चुनाव के मद्देनजर कोतवाली विकासनगर पुलिस ने सोमवार को कॉलेज प्रशासन, छात्र-छात्राओं और चुनाव प्रत्याशियों के साथ गोष्ठी आयोजित की। गोष्ठी में पुलिस ने चुनाव को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी से सहयोग की अपील की।
पुलिस ने प्रत्याशियों और उनके समर्थकों को चुनाव प्रचार के दौरान निर्धारित नियमों एवं आचार-संहिता का पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही अभद्रता, विवाद, मारपीट, धमकी, आपत्तिजनक नारेबाजी और सौहार्द बिगाड़ने वाली गतिविधियों से दूर रहने को कहा गया।
पुलिस ने बिना अनुमति जुलूस, रैली या भीड़ एकत्र न करने तथा कॉलेज परिसर और आसपास यातायात व्यवस्था बाधित न करने की हिदायत दी। सोशल मीडिया पर किसी व्यक्ति के खिलाफ आपत्तिजनक, भ्रामक या तथ्यहीन पोस्ट, वीडियो अथवा टिप्पणी प्रसारित न करने के निर्देश भी दिए गए।
गोष्ठी में कहा गया कि किसी विवाद की स्थिति में छात्र स्वयं कानून हाथ में न लें और तत्काल कॉलेज प्रशासन या पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित करने या निर्वाचन प्रक्रिया में बाधा डालने वालों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

