PACHWADUN MEDIA.COM
विकासनगर। शक्ति नहर में डूबी KIA Sonet कार बरामद होने के एक दिन बाद शुक्रवार सुबह बचाव दल ने कार चालक रजत पुंडीर का शव भी बरामद कर लिया। शव ढालीपुर इंटेक से बरामद हुआ है। शव मिलने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार 18 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे KIA Sonet कार के शक्ति नहर में गिरने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से नहर में सर्च अभियान शुरू कर दिया।

रात से ही बचाव दल की ओर से नहर में कार और उसमें सवार व्यक्ति की तलाश की जा रही थी। सर्च अभियान के दौरान नहर के तेज बहाव के कारण टीम को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद पुलिस और बचाव दल लगातार कार की तलाश में जुटे रहे।
वीरवार शाम सर्च अभियान में जुटी टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद KIA Sonet कार को शक्ति नहर से बाहर निकाल लिया। कार बरामद होने के बाद वाहन चालक डाकपत्थर निवासी रजत पुंडीर की तलाश जारी रखी गई, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
इसके बाद शुक्रवार सुबह पुलिस, एसडीआरएफ और जल पुलिस की टीम ने एक बार फिर नहर में सर्च अभियान चलाया। अभियान के दौरान ढालीपुर इंटेक के पास रजत पुंडीर का शव बरामद कर लिया गया।
शव बरामद होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सहित आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं, पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए भी जांच कर रही है। हादसे की खबर से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

