PACHWADUN MEDIA.COM
देहरादून। राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घायल बदमाश को पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ में घायल बदमाश की पहचान अंकित चौहान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पूर्व शिमला बाईपास रोड पर एक व्यक्ति को जान से मारने की नीयत से उस पर फायरिंग करने के मामले में अंकित चौहान की भूमिका सामने आई थी।
पुलिस के मुताबिक, बड़ोवाला में बैंककर्मी सत्यम चौहान को गोली मारने के मामले में एक युवती भी जांच के केंद्र में आई थी। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने घायल व्यक्ति की पूर्व महिला मित्र के साथ कथित तौर पर पांच लाख रुपये में उसे रास्ते से हटाने का सौदा किया था। सौदे की बाकी रकम लेने के लिए आरोपी अपने साथी के साथ दोबारा देहरादून आया था।

इसी दौरान पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अंकित चौहान के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
फरार आरोपी की तलाश में पुलिस ने क्षेत्र में सर्च अभियान तेज कर दिया है। पुलिस के अनुसार, घायल अंकित चौहान पूर्व में भी आपराधिक घटनाओं के मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ ही पूरे मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

