PACHWADUN MEDIA.COM
देहरादून। बिग बॉस फेम यूट्यूबर अनुराग डोभाल की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। पुलिस चौकी में मारपीट के मामले में गिरफ्तारी और जमानत मिलने के करीब 24 घंटे बाद नेहरू कॉलोनी पुलिस ने अनुराग डोभाल को एक अन्य मामले में दोबारा गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके साले के अपहरण, मारपीट और जान से मारने की कोशिश के आरोप में अनुराग समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, अनुराग के साले राज सिंह चौहान ने छह अक्टूबर को नेहरू कॉलोनी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि पांच अक्टूबर की रात अनुराग डोभाल और उसके साथियों ने उसे हरिद्वार बाईपास रोड पर मिलने के लिए बुलाया। वहां उसे जबरन गाड़ी में बैठाकर मारपीट की गई। आरोप है कि जान से मारने के इरादे से उसे गाड़ी के नीचे कुचलने का प्रयास भी किया गया तथा लोहे की रॉड से हमला किया गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 117(2), 191(2) और 351(3) में मुकदमा दर्ज किया। विवेचना के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में अपहरण की धारा 140(1) और धारा 3(5) भी बढ़ाई गई। इसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने गुरुवार को प्रेमनगर क्षेत्र के सुद्धोवाला से अनुराग डोभाल, अभिषेक, अभय चौधरी और कुर्बान को गिरफ्तार किया। पुलिस चारों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही घटना में इस्तेमाल वाहन और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
इससे पहले अनुराग डोभाल और उसके साथियों को पुलिस चौकी के अंदर मारपीट के मामले में मंगलवार को गिरफ्तार किया गया था। बुधवार को उन्हें जमानत मिल गई थी। इसके करीब 24 घंटे बाद ही अनुराग की दूसरे मामले में दोबारा गिरफ्तारी हो गई।

