PACHWADUN MEDIA.COM
सेलाकुई, देहरादून। माया देवी विश्वविद्यालय सेलाकुई में शनिवार को ड्रग्स फ्री कैंपस अभियान के तहत ड्रग्स उन्मूलन एवं जन-जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों और इससे होने वाली शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक हानियों के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी सहसपुर, उत्तराखंड पीपीएस संगठन (सेवानिवृत्त) के सदस्यगण तथा थाना सेलाकुई से उपनिरीक्षक कृपाल सिंह मय पुलिस स्टाफ ने विश्वविद्यालय प्रशासन की मौजूदगी में छात्र-छात्राओं से संवाद किया। इस दौरान विद्यार्थियों को ड्रग्स सेवन से होने वाले नुकसान, नशे के सामाजिक दुष्परिणामों तथा नशामुक्त शैक्षणिक परिसर की आवश्यकता के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। युवाओं को नशे के विरुद्ध सजग प्रहरी की भूमिका निभाने तथा ड्रग्स के अवैध सेवन और बिक्री की जानकारी पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया।

अधिकारियों ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देना बेहद जरूरी है। साथ ही ड्रग्स फ्री कैंपस अभियान को सफल बनाने के लिए पुलिस, शैक्षणिक संस्थानों, छात्र-छात्राओं और अभिभावकों की सामूहिक सहभागिता आवश्यक है।
पुलिस ने बताया कि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए इस प्रकार के अभियान भविष्य में भी लगातार आयोजित किए जाएंगे।


