किराये के मकान में चल रहा था देह व्यापार, नाबालिग युवती का रेस्क्यू
पटेलनगर पुलिस ने छह आरोपियों को किया गिरफ्तार, 18 हजार रुपये नकद और आपत्तिजनक सामग्री बरामद
PACHWADUN MEDIA.COM
देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र के हरभजवाला स्थित नीलकंठ एनक्लेव में किराये के मकान में चल रहे कथित अनैतिक देह व्यापार का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान तीन महिलाओं और तीन पुरुषों समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान दिल्ली से देहरादून लाई गई एक नाबालिग युवती को भी पुलिस ने रेस्क्यू किया।
पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर को प्रभारी निरीक्षक पटेलनगर को नीलकंठ एनक्लेव स्थित एक मकान में देह व्यापार संचालित होने की सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मकान पर औचक छापेमारी की। मौके पर तीन महिलाएं और तीन पुरुष संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। तलाशी के दौरान पुलिस ने 18 हजार रुपये नकद, आपत्तिजनक सामग्री और दवाइयां बरामद कीं।
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी मनीष कुमार लखेड़ा ने मकान किराये पर लिया था। आरोप है कि वह दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों से महिलाओं को बुलाकर ग्राहकों से संपर्क करता था। पुलिस के मुताबिक, व्हाट्सऐप के माध्यम से ग्राहकों को महिलाओं की तस्वीरें भेजी जाती थीं और उनकी मांग के अनुसार उन्हें किराये के कमरे अथवा ग्राहकों के बताए स्थान पर भेजा जाता था।
जांच के दौरान पुलिस को एक नाबालिग युवती के संबंध में भी जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अभिषेक उसे दिल्ली से मसूरी घुमाने के बहाने देहरादून लेकर आया था। आरोप है कि युवती पर गलत काम करने के लिए दबाव बनाया गया तथा इनकार करने पर उसे कमरे में बंधक बनाकर रखा गया। पुलिस ने युवती को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर भेजने की कार्रवाई की है।
पुलिस ने मामले में कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा अपराध संख्या 704/2026 दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 96/99/127(2)/3(5), पोक्सो अधिनियम की धारा 14(5) तथा अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3/4/5/11 के तहत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपी- मनीष कुमार लखेड़ा, निवासी नीलकंठ एनक्लेव, हरभजवाला, पटेलनगर, अभिषेक, निवासी महावीर नगर, दिल्ली, भानू उर्फ सिद्धांत, निवासी बड़ोवाला, देहरादून,, ममता, निवासी, शंकरपुर, पूर्वी दिल्ली नेहा, निवासी संगम विहार, दिल्ली, सुमन, निवासी कल्याणपुरी, दिल्ली
पुलिस टीम -प्रभारी निरीक्षक नरेश सिंह राठौड़, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश थलेड़ी, उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, महिला उपनिरीक्षक शिखा तेग्रवाल समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।

