PACHWADUN MEDIA.COM
विकासनगर। देहरादून पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के बैंक खातों से रकम उड़ाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से विभिन्न बैंकों के 192 एटीएम/डेबिट कार्ड, एक देसी तमंचा, दो जिंदा कारतूस, कार, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नकदी बरामद हुई है।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपद में संदिग्ध एवं आपराधिक गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों के खिलाफ लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 21 अगस्त को विकासनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चार संदिग्ध व्यक्ति कार और मोटरसाइकिल से क्षेत्र में घूम रहे हैं और एटीएम कार्ड बदलकर ठगी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।

सूचना पर पुलिस टीम ने पोंटा रोड, हरबर्टपुर स्थित ढालीपुर पुल से पहले आम के बगीचे के पास चेकिंग की। इस दौरान स्विफ्ट कार संख्या UP14BX8591 में सवार चार संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में उनके पास से विभिन्न बैंकों के बड़ी संख्या में एटीएम कार्ड, 12 बोर का देसी तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे एटीएम बूथों के आसपास घूमकर बुजुर्गों, महिलाओं और सीधे-सादे लोगों को निशाना बनाते थे। एटीएम से रुपये निकालने के दौरान मदद करने के बहाने उनका कार्ड चतुराई से बदल लेते थे और किसी तरह पिन की जानकारी हासिल कर लेते थे। इसके बाद दूसरे एटीएम से बैंक खाते से रकम निकाल लेते थे। वारदात के बाद वे मौके से कुछ दूरी पर खड़ी कार या मोटरसाइकिल से फरार हो जाते थे।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व में भी हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और असम सहित विभिन्न राज्यों में एटीएम ठगी एवं धोखाधड़ी के मामलों में संलिप्त रहना सामने आया है। कुछ आरोपी पूर्व में इन मामलों में जेल भी जा चुके हैं। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य घटनाओं में उनकी भूमिका की जानकारी जुटा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जगमोहन पुत्र अजमेर निवासी न्यू सरस्वती विहार, थाना सदर बाजार, सहारनपुर, उम्र करीब 40 वर्ष; नीटू पुत्र नरेश निवासी बुढ़ाखेड़ा, थाना चरथावल, मुजफ्फरनगर, उम्र करीब 40 वर्ष; सोनू पुत्र रमेश निवासी पैरामाउंट के पास, सहारनपुर, उम्र करीब 43 वर्ष; तथा आशु कुमार पुत्र श्यामलाल निवासी मोहनपुरा/गुलाबनगर, रुड़की, जनपद हरिद्वार, उम्र 26 वर्ष के रूप में हुई है।
यह सामान हुआ बरामद-पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न बैंकों के 192 एटीएम/डेबिट कार्ड, एक 12 बोर का अवैध देसी तमंचा, दो जिंदा कारतूस, स्विफ्ट कार संख्या UP14BX8591, बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल, 1,200 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा आरोपी आशु कुमार के पास से आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, आयुष्मान कार्ड और एक अन्य डेबिट कार्ड भी मिला है।
चारों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली विकासनगर में मु0अ0सं0 224/2026, धारा 313/318(4)/3(5) बीएनएस तथा धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
कई राज्यों में दर्ज हैं मुकदमे-पुलिस के अनुसार आरोपी जगमोहन के खिलाफ जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, यमुनानगर और देहरादून में कई मामले दर्ज हैं। नीटू के खिलाफ विकासनगर और हरियाणा में मुकदमे दर्ज हैं। सोनू के खिलाफ जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, शिमला और असम में चोरी व धोखाधड़ी के मामले सामने आए हैं। वहीं आशु कुमार के खिलाफ हिमाचल प्रदेश और देहरादून में धोखाधड़ी से संबंधित मुकदमे दर्ज होना प्रकाश में आया है।
पुलिस की इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राजीव रौथाण, वरिष्ठ उपनिरीक्षक शिशुपाल सिंह राणा, चौकी प्रभारी हरबर्टपुर उपनिरीक्षक मयंक त्यागी, उपनिरीक्षक सनोज कुमार सहित पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य मामलों और संभावित सदस्यों के संबंध में भी जांच जारी है।

