PACHWADUN MEDIA.COM
विकासनगर। शक्ति नहर में कार गिरने की घटना के तीन दिन बाद बृहस्पतिवार देर शाम पुलिस और रेस्क्यू टीमों को बड़ी सफलता मिली। ढकरानी पावर हाउस के पास चलाए गए सर्च अभियान के दौरान नहर में गिरी कार को बरामद कर लिया गया। क्रेन की मदद से कार को नहर से बाहर निकाला गया। हालांकि, कार में सवार डाकपत्थर निवासी युवक का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। युवक की तलाश में सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व एक कार के शक्ति नहर में गिरने की सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ, जल पुलिस और कोतवाली विकासनगर पुलिस की टीमों ने संयुक्त रूप से तत्काल सर्च अभियान शुरू किया था। नहर में तेज बहाव और पानी की गहराई के कारण रेस्क्यू टीमों को काफी चुनौती का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर सघन तलाशी लेने के बावजूद शुरुआती प्रयासों में कार और युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका। घटना की गंभीरता को देखते हुए बाद में एनडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, जल पुलिस और स्थानीय पुलिस की टीमों ने नहर के विभिन्न हिस्सों में लगातार सर्च
अभियान चलाया।
बृहस्पतिवार देर शाम ढकरानी पावर हाउस के समीप सर्च अभियान के दौरान टीमों को नहर में कार दिखाई दी। इसके बाद क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला गया। कार बरामद होने के बाद अब रेस्क्यू टीमों का पूरा ध्यान उसमें सवार डाकपत्थर निवासी युवक की तलाश पर केंद्रित है।
नहर के तेज बहाव और गहराई को देखते हुए युवक की तलाश में टीमों द्वारा संभावित स्थानों पर सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस और रेस्क्यू टीमों की ओर से युवक का पता लगाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

