PACHWADUN MEDIA.COM
कालसी। पछवादून के जौनसार-बावर क्षेत्र की कालसी तहसील के अंतर्गत गांव कचटा में अपनी पत्नी की दरांती से गला काटकर हत्या करने के आरोपी पति मनोज को राजस्व पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जंगल में छिप गया था। राजस्व पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से उसकी तलाश की और उसे पकड़ने में सफलता हासिल की
जानकारी के अनुसार, कचटा गांव में वीरवार को पारिवारिक विवाद के चलते मनोज ने अपनी ही पत्नी पर दरांती से हमला कर दिया। आरोपी ने पत्नी का गला काट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। वारदात की सूचना मिलने पर राजस्व पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की।
पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी मनोज मौके से फरार हो गया और जंगल में जाकर छिप गया। राजस्व पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। शुक्रवार को ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
नायब तहसीलदार रविन्द्र असवाल के अनुसार, पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी जंगल में छिपा हुआ था। ग्रामीणों की मदद से उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस घटना से जौनसार-बावर क्षेत्र में सनसनी फैल गई। फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

