PACHWADUN MEDIA.COM
विकासनगर। कोतवाली विकासनगर पुलिस ने अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान एक हिस्ट्रीशीटर को अवैध खुखरी के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी रात के समय चोरी की फिराक में घूम रहा था और लोगों को डराने के उद्देश्य से अपने पास खुखरी रखता था।

पुलिस के मुताबिक 20 अगस्त 2026 की रात करीब 9:46 बजे धनवंतरी चौक से करीब 200 मीटर आगे जीवनगढ़ की ओर चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध अवस्था में घूम रहे एक व्यक्ति को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक अवैध खुखरी बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हैदर उर्फ जग्गा पुत्र गुलजार, निवासी अम्बाड़ी जीवनगढ़, कोतवाली विकासनगर, उम्र 28 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 25/4 शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को शुक्रवार को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
20 मुकदमे हैं दर्ज –पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी कोतवाली विकासनगर का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पूर्व में 20 अभियोग दर्ज हैं। इनमें चोरी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और गुंडा अधिनियम से संबंधित मामले शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी की लगातार निगरानी की जा रही थी।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह रात में चोरी करने के उद्देश्य से लोगों को डराने के लिए अपने पास खुखरी रखता था। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और हाल की गतिविधियों की भी जांच कर रही है।
बरामदगी- एक अवैध खुखरी
पुलिस टीम- कानि. 86 अजय सिंह, कोतवाली विकासनगर, कानि. 206 रितेश वर्मा, कोतवाली विकासनगर

