PACHWADUN MEDIA.COM
चकराता। चकराता के लालपुल के पास शनिवार को एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
घटना की जानकारी मिलने पर SDRF चकराता टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बीच SDRF जवानों ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर कड़ी मशक्कत करते हुए कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने का अभियान चलाया।
रेस्क्यू टीम ने कार में सवार 05 घायलों, जिनमें 03 पुरुष और 02 महिलाएं शामिल थीं, को सुरक्षित खाई से बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
SDRF और पुलिस की तत्परता से दुर्घटना में घायल सभी लोगों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।

