PACHWADUN MEDIA.COM
देहरादून। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मांडूवाला में डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल में खाई से मिले युवक के शव के मामले का पुलिस ने 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पत्नी का पिछले करीब तीन वर्षों से पड़ोसी युवक लल्लन शर्मा के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। पति को दोनों के संबंधों की जानकारी होने के बाद विवाद बढ़ गया, जिसके बाद दोनों ने उसकी हत्या की साजिश रची।
03 अक्टूबर को प्रेमनगर पुलिस को मांडूवाला-डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल में खाई में एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान मदन मुखिया (38) निवासी सहरसा, बिहार के रूप में की। मृतक की गर्दन पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस ने कई टीमें गठित कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ आसपास रहने वाले मजदूरों का सत्यापन किया गया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने मांडूवाला स्थित बाला सुंदरी मंदिर के पास से लल्लन शर्मा (23) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में लल्लन ने बताया कि उसका मृतक की पत्नी मीना देवी (30) के साथ पिछले दो-तीन वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, घटना से दो दिन पहले मदन ने तिरुपति मंदिर में मजदूरी के दौरान लल्लन का मोबाइल चेक किया था। मोबाइल में मीना और लल्लन की फोटो व वीडियो मिलने के बाद मदन ने दोनों को संबंध खत्म नहीं करने पर जान से मारने और परिवार को पूरी जानकारी देने की धमकी दी थी।
पुलिस के अनुसार, इसके बाद दोनों ने मदन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। योजना के तहत मीना उसे शराब पिलाने के बहाने डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल में ले गई। वहां मदन के नशे में होने के बाद मीना और लल्लन ने कथित तौर पर चाकू से उसकी गर्दन पर वार कर हत्या कर दी। इसके बाद शव को खाई में फेंक दिया और चाकू झाड़ियों में छिपा दिया।
लल्लन की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया। उसकी पूछताछ के बाद पुलिस ने मीना देवी को भी प्रेमनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

