PACHWADUN MEDIA.COM
राजधानी के प्रेमनगर क्षेत्र में सोमवार रात छात्रों के दो गुटों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इस हिंसक झड़प में बीटेक के छात्र दिव्यांश जाटराना की जान चली गई। पुलिस ने इस मामले में 13 नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर तीन को गिरफ्तार कर लिया है।
भोजनालय के बाहर आमने-सामने आए गुट
घटना केहरी गांव स्थित एक भोजनालय के बाहर की है। जानकारी के अनुसार, उत्तरांचल यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले बीबीए और बीटेक छात्रों के दो गुटों के बीच पुराने विवाद और वर्चस्व को लेकर काफी समय से तनाव चल रहा था। सोमवार रात यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और फावड़े चलने लगे।
मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) के ग्राम अथाई थाना भोपा निवासी दिव्यांश के सिर पर फावड़े से जानलेवा हमला किया गया, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।
एंबुलेंस हुई खराब, पुलिस वाहन से पहुंचाया अस्पताल
घायल दिव्यांश को आनन-फानन में प्रेमनगर सीएचसी (CHC) ले जाया गया, जहाँ उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे दून अस्पताल रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि ले जाते समय रास्ते में एंबुलेंस खराब हो गई, जिसके बाद पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे अपने वाहन से अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, इलाज के दौरान दिव्यांश ने दम तोड़ दिया।
13 पर मुकदमा, 3 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मृतक के चाचा गौरव राणा (निवासी मंगलौर, हरिद्वार) की तहरीर पर 13 वर्तमान और पूर्व छात्रों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक तीन आरोपियों, युवराज चौहान: (निवासी भोजपुर, बिहार), मधुर खंडेलवाल: (निवासी रुद्रपुर, उधमसिंहनगर), शिवम शर्मा: (निवासी पटना, बिहार) को गिरफ्तार कर लिया है।
इन आरोपियों की तलाश जारी:
आर्यन शर्मा, अंकुर, प्रह्लाद राज, शांतनु, उज्जवल, आकाश, वैभव मिश्रा, ऋतिक राजपूत, अंकुर सिंह, वैभव शर्मा, अंकित भारद्वाज और आदित्य राज फिलहाल फरार हैं।
पुलिस की कार्रवाई और स्थिति
एसएसपी देहरादून के अनुसार, प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों गुटों के बीच यूनिवर्सिटी परिसर के बाहर अपना रंजिश और दबदबा कायम करने को लेकर पहले भी बहस हुई थी। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। यूनिवर्सिटी प्रशासन भी छात्रों के रिकॉर्ड खंगालने में पुलिस कीमदद कर रहा है।

