झाड़ू-पोछा करने वाली महिला ने दिया घटना को अंजाम, पुलिस ने झोपड़ी से बरामद की नकदी
PACHWADUN MEDIA.COM
सेलाकुई में एक क्लीनिक के गल्ले से नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला की निशानदेही पर तिलवाड़ी पुल के पास स्थित उसकी झोपड़ी से चोरी किए गए 56 हजार रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रभात एन्क्लेव भाऊवाला स्थित ठाकुर क्लीनिक के संचालक राजेश्वर सिंह निराला ने 16 अक्टूबर 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने क्लीनिक में झाड़ू-पोछा करने वाली विभा देवी पर गल्ले से रुपये चोरी करने का आरोप लगाया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने जांच के दौरान 27 अक्टूबर को आरोपी विभा देवी (45) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर जिले की निवासी है और वर्तमान में सेलाकुई के तिलवाड़ी पुल के पास झुग्गी में रह रही थी। पुलिस ने उसके कब्जे से 56 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

