PACHWADUN MEDIA.COM
देहरादून के पर्वतीय क्षेत्र चकराता में सोशल मीडिया के जरिए पहचान छिपाकर एक महिला को जाल में फंसाने, धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर मारपीट व धमकी देने का एक गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित पति की शिकायत पर चकराता पुलिस ने आरोपी के खिलाफ उत्तराखंड धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम, एससी-एसटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आज (22 मई) ग्राम बोहा (तहसील व थाना चकराता, देहरादून) निवासी वादी ग्यारू दास पुत्र खंकरू दास ने कोतवाली चकराता में एक टाइपशुदा प्रार्थना पत्र सौंपा। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि फरमान पुत्र इरफान (निवासी: अज्ञात) नामक युवक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘इंस्टाग्राम’ पर अपनी असली पहचान और नाम बदलकर वादी की पत्नी से दोस्ती की और उसके साथ बातचीत करने लगा।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी फरमान ने उसकी पत्नी पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया। इसके साथ ही, आरोपी अन्य हिंदू लड़कियों की नग्न वीडियो और तस्वीरें भी अपने दोस्तों को भेजता था। जब वादी को इस बात का पता चला और उसने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट व गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने सार्वजनिक स्थान पर वादी के खिलाफ जातिसूचक शब्दों का भी प्रयोग किया।
पुलिस की कार्रवाई और दर्ज धाराएं
वादी की तहरीर के आधार पर कोतवाली चकराता पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपने सीसीटीएनएस (CCTNS) सिस्टम पर मुकदमा अपराध संख्या 05/2026 पंजीकृत कर लिया है। आरोपी फरमान के खिलाफ निम्नलिखित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है, उत्तराखंड धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम: धारा 3/5 (अवैध धर्म परिवर्तन का प्रयास), अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति (नृशंसता निवारण) अधिनियम: धारा 3(1)(s) और 3(1)(r) (सार्वजनिक स्थान पर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग व अपमानित करना), भारतीय न्याय संहिता (BNS): धारा 318(4) (धोखाधड़ी), 82, 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 351(2) (आपराधिक धमकी), 352 और 79।
क्षेत्राधिकारी सहसपुर करेंगे मामले की जांच
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर इस पूरे प्रकरण की विवेचना क्षेत्राधिकारी सहसपुर, अनुज कुमार को सौंपी गई है। पुलिस ने आरोपी की धरपकड़ के लिए विशेष टीमों का गठन कर दिया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

