पछवादून संवाददाता, सेलाकुई ।
थाना सेलाकुई क्षेत्र अंतर्गत 9 दिसंबर 2025 को सेलाकुई मार्केट में हुए झगड़े की घटना अब हत्या के मामले में तब्दील हो गई है। इस घटना में घायल युवक एंजल चकमा की उपचार के दौरान 26 दिसंबर 2025 को मृत्यु हो गई, जिसके बाद पुलिस ने विवेचना में गंभीर धाराएं बढ़ा दी हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 9 दिसंबर 2025 को सायं करीब 6 बजे माईकल चकमा और उसके भाई एंजल चकमा का सूरज खवास निवासी मणिपुर एवं उसके अन्य साथियों के साथ सेलाकुई मार्केट में विवाद हो गया था। विवाद के दौरान एंजल चकमा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार हेतु ग्राफिक एरा अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के संबंध में 12 दिसंबर 2025 को वादी माईकल चकमा द्वारा थाना सेलाकुई में तहरीर दी गई, जिसके आधार पर धारा 115(2), 118, 351(3) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर विवेचना प्रारंभ की गई। बाद में पीड़ित की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर 14 दिसंबर 2025 को धारा 109 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 14 दिसंबर 2025 को मुख्य अभियुक्त सूरज खवास सहित कुल 5 आरोपियों (03 अभियुक्त व 02 विधि विवादित किशोर) को गिरफ्तार/संरक्षण में लेकर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। एक अन्य अभियुक्त, नेपाल निवासी यज्ञराज अवस्थी, पुलिस कार्रवाई की जानकारी मिलने पर फरार हो गया।
इसी बीच, 26 दिसंबर 2025 को एंजल चकमा की उपचार के दौरान मृत्यु हो जाने के बाद पुलिस ने विवेचना में धारा 103(1) व 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी कर मामले को हत्या में परिवर्तित कर दिया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम-पते:
सूरज खवास पुत्र अनिल खवास, निवासी ईरंग पार्टवान धीमारिया थाई, जिला सिनावती, मणिपुर (हाल निवासी नयागांव, पीलिओ जनता इंटर कॉलेज के पीछे), उम्र 22 वर्ष
सुमित पुत्र प्यारेलाल, निवासी तिलवाड़ी, सेलाकुई, देहरादून, उम्र 25 वर्ष
अविनाश नेगी पुत्र हरिश सिंह नेगी, निवासी शंकरपुर, सहसपुर, देहरादून, उम्र 25 वर्ष
इसके अतिरिक्त 02 विधि विवादित किशोर भी प्रकरण में शामिल हैं।
वांछित अभियुक्त पर इनाम घोषित
फरार अभियुक्त नेपाल निवासी यज्ञराज अवस्थी पुत्र श्री चेतराम अवस्थी, निवासी ग्राम कंचनपुर, झलारी नगर पालिका, कृष्णापुर जिला कंचनपुर (नेपाल) की गिरफ्तारी हेतु माननीय न्यायालय से गिरफ्तारी अधिपत्र प्राप्त किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा उसकी गिरफ्तारी पर ₹25,000 का इनाम घोषित किया गया है। वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम रवाना कर दी गई है और शीघ्र गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना निष्पक्ष एवं गंभीरता से की जा रही है तथा सभी दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

