PACHWADUN MEDIA.COM
कावड यात्रा 2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आज, 8 जुलाई 2026 को उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती पुलिस अधिकारियों के बीच धर्मावाला में एक महत्वपूर्ण बॉर्डर मीटिंग का आयोजन किया गया। यह बैठक क्षेत्राधिकारी सर्किल सहसपुर (देहरादून) की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस समन्वय बैठक का मुख्य उद्देश्य कांवड़ यात्रा के दौरान दोनों राज्यों की पुलिस के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना है, ताकि कानून व्यवस्था और यातायात प्रबंधन में कोई चूक न हो।
बैठक में शामिल हुए दोनों राज्यों के पुलिस अधिकारी
सीमा पर आपसी समन्वय मजबूत करने के लिए आयोजित इस बैठक में उत्तर प्रदेश (जनपद सहारनपुर) क्षेत्राधिकारी बेहट, प्रभारी निरीक्षक मिर्जापुर, और चौकी प्रभारी बादशाही बाग (थाना मिर्जापुर) आदि व उत्तराखंड (जनपद देहरादून) प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सहसपुर, वरिष्ठ उप-निरीक्षक कोतवाली विकासनगर, चौकी प्रभारी धर्मावाला, चौकी प्रभारी कुल्हाल और चौकी प्रभारी हरबर्टपुर आदि के पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
इन मुख्य बिंदुओं पर हुआ विचार-विमर्श
बैठक के दौरान कांवड़ यात्रा 2026 को लेकर कई संवेदनशील और आवश्यक मुद्दों पर गहन चर्चा की गई
यातायात प्रबंधन : कांवड़ियों की भारी भीड़ के दौरान रूट डायवर्जन और ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए साझा प्लान तैयार किया गया।
शांति एवं कानून व्यवस्था: सीमावर्ती क्षेत्रों में संदिग्ध तत्वों पर नजर रखने, आपसी सूचनाएं साझा करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित कदम उठाने पर सहमति बनी।
बॉर्डर चेकिंग: दोनों राज्यों की पुलिस सीमा पर सघन चेकिंग अभियान चलाएगी ताकि सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहे।
अधिकारियों का संदेश: “कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। दोनों राज्यों की पुलिस आपसी समन्वय और मुस्तैदी के साथ काम करेगी ताकि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो और सुरक्षा व्यवस्था अभेद्य रहे।”

