PACHWADUN MEDIA.COM
देहरादून पुलिस द्वारा जनपद को नशा मुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कोतवाली विकासनगर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध शराब की तस्करी का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान के दौरान 120 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब से भरे एक छोटा हाथी वाहन को पकड़कर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त वाहन को सीज कर दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपदभर में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली विकासनगर पुलिस क्षेत्र में लगातार सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान कुल्हाल क्षेत्र में पांवटा साहिब की ओर से आ रहे संदिग्ध छोटा हाथी वाहन (एचआर-47-एच-9508) को रोककर जांच की गई।, वाहन में सवार तीनों व्यक्तियों से परिवहन की जा रही सामग्री के संबंध में पूछताछ की गई तो वे संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके। संदेह होने पर वाहन की तलाशी ली गई, जिसमें 120 पेटी ‘9 वन’ ब्रांड की चंडीगढ़ मार्का अवैध अंग्रेजी व्हिस्की बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया तथा शराब तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी सीज कर दिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जय सिंह पुत्र जगत सिंह (चालक), अमित कुमार पुत्र रणवीर सिंह तथा मंजीत पुत्र जयवीर सिंह निवासी हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोतवाली विकासनगर में मुकदमा संख्या 188/2026, धारा 63/72 आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से हरप्रीत नामक व्यक्ति के लिए अवैध शराब की तस्करी का काम करते हैं। शराब कहां से लोड करनी है और किस स्थान पर पहुंचानी है, इसकी पूरी जानकारी हरप्रीत ही देता था। आरोपियों ने बताया कि शराब की प्रत्येक खेप को गंतव्य तक पहुंचाने के बदले उन्हें 30 हजार रुपये मिलते थे। तस्करी में प्रयुक्त छोटा हाथी वाहन भी उन्होंने हरियाणा निवासी कृष्ण कुमार से 30 हजार रुपये में लिया था।पुलिस अब इस अवैध शराब तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश में जुट गई है और मामले की विवेचना जारी है।
बरामदगी-120 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब (9 वन मेक, चंडीगढ़ मार्का व्हिस्की), शराब तस्करी में प्रयुक्त छोटा हाथी वाहन संख्या एचआर-47-एच-9508
पुलिस टीम
इस कार्रवाई को सफल बनाने में उपनिरीक्षक वैभव गुप्ता (चौकी प्रभारी कुल्हाल), कांस्टेबल राजकुमार तथा होमगार्ड मनोज कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। देहरादून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशा तस्करों के विरुद्ध “ऑपरेशन प्रहार” लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

