PACHWADUN MEDIA COM
राजधानी देहरादून के कोतवाली विकासनगर अंतर्गत कल्याणपुर क्षेत्र में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक बंद मकान के भीतर से अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। इस सनसनीखेज वारदात में एक पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। पुलिस ने मौके से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद कर जांच शुरू कर दी है।
दरवाजे तोड़कर अंदर दाखिल हुई पुलिस
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह लगभग 10:19 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि कल्याणपुर स्थित एक बंद घर में गोली चली है। सूचना मिलते ही कोतवाली विकासनगर के प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। मकान का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए दरवाजा तोड़ा और अंदर दाखिल हुई। कमरे का नजारा देख हड़कंप मच गया—अंदर एक पुरुष का शव पड़ा हुआ था, जबकि एक महिला लहूलुहान अवस्था में तड़प रही थी।
घायल महिला ग्राफिक एरा अस्पताल रेफर
पुलिस ने बिना समय गंवाए 108 एंबुलेंस के माध्यम से घायल महिला को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद महिला की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे देहरादून के ग्राफिक एरा अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।
मृतक व घायल की पहचान
घटना में मारे गए पुरुष की पहचान कमलेश (पुत्र दौलत सिंह), निवासी हयो (थाना चकराता, देहरादून) के रूप में हुई है। वहीं घायल महिला की पहचान संगीता नेगी (पत्नी प्रीतम सिंह), निवासी ग्राम भटाणु (त्यूणी, जनपद देहरादून) के रूप में हुई है।
जांच में सामने आया कि यह मकान रविंद्र बिष्ट (पुत्र त्रिलोक सिंह) का है, जिसमें संगीता नेगी अपने दो बच्चों के साथ किराए पर रह रही थी।
अवैध तमंचा बरामद, जांच जारी
घटनास्थल से पुलिस को 315 बोर का एक तमंचा, खोखा और जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। फोरेंसिक/फील्ड यूनिट की टीम को मौके पर बुलाकर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस हर पहलू से मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

