सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर विकासनगर पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
PACHWADUN MEDIA.COM
यातायात नियमों से खिलवाड़ कर खुद को होशियार समझना एक युवक को भारी पड़ गया। विकासनगर क्षेत्र में अपनी दुपहिया वाहन की नंबर प्लेट पर काले रंग का टेप लगाकर घूम रहे एक युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा था। मामला पुलिस के आला अधिकारियों तक पहुँचते ही देहरादून एसएसपी ने इस पर तत्काल कड़ा एक्शन लेने के निर्देश दिए।
एसएसपी के आदेश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कोतवाली विकासनगर पुलिस ने वीडियो के आधार पर छानबीन शुरू की। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए न सिर्फ वाहन स्वामी का पता लगाया, बल्कि संबंधित वाहन (संख्या: UK-16-E-0330) को भी ढूंढ निकाला।
चालान से बचने के लिए चली थी ‘चाल’
पुलिस द्वारा जब वाहन चालक को वाहन सहित थाने लाकर पूछताछ की गई, तो उसने कुबूल किया कि उसने ऑनलाइन और कैमरों के चालान से बचने के लिए नंबर प्लेट पर जानबूझकर काला टेप चिपकाया था। पुलिस ने युवक की इस खतरनाक लापरवाही और धोखाधड़ी पर उसे सख्त हिदायत दी। साथ ही, सख्त कार्रवाई करते हुए वाहन को मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) के तहत तत्काल सीज कर दिया।
दून पुलिस की आमजन से अपील:
”यातायात नियम किसी को परेशान करने या सिर्फ चालान काटने के लिए नहीं, बल्कि हर नागरिक की कीमती जान को सुरक्षित रखने के लिए बनाए गए हैं। एक जिम्मेदार नागरिक बनें, नियमों का पालन करें और सुरक्षित सफर का हिस्सा बनें।”

