PACHWADUN MEDIA.COM
रामनगर: उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद (UBSE) ने इस वर्ष की बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों की तिथि घोषित कर दी है। परिषद 25 अप्रैल को सुबह 10 बजे हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम एक साथ जारी करेग । शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और परिषद के सभापति डॉ. मुकुल सती संयुक्त रूप से बुकलेट के साथ परिणाम जारी करेंगे।
सुधार परीक्षा का परिणाम: इसी दिन वर्ष 2025 की ‘सुधार परीक्षा द्वितीय’ (Improvement Exam) का परिणाम भी घोषित किया जाएगा।
पहली बार नई व्यवस्था: स्कूल में देख सकेंगे रिजल्ट
बोर्ड सचिव विनोद प्रसाद सिमल्टी ने बताया कि इस बार छात्रों की सुविधा के लिए एक महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। उत्तराखंड के इतिहास में पहली बार छात्र अपने संबंधित स्कूलों में जाकर भी अपना रिजल्ट देख सकेंगे।
कैसे काम करेगी यह व्यवस्था?
परिषद द्वारा सभी स्कूलों को अलग-अलग पोर्टल और पासवर्ड दिए जाएंगे।
इस लॉगिन क्रेडेंशियल का उपयोग कर स्कूल प्रबंधन सीधे पोर्टल से बच्चों का रिजल्ट डाउनलोड कर सकेगा।
इससे उन छात्रों को बड़ी राहत मिलेगी जिनके पास इंटरनेट की सुविधा नहीं है या जो ग्रामीण क्षेत्रों में रहते हैं।
ऑनलाइन भी उपलब्ध होगा परिणाम
स्कूलों के अलावा, बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर भी परिणाम सुबह 10 बजे ही अपलोड कर दिए जाएंगे। छात्र अपनी रोल नंबर और अन्य आवश्यक जानकारियों के माध्यम से ऑनलाइन मोड में भी अपना स्कोरकार्ड देख और डाउनलोड कर सकेंगे।
बोर्ड सचिव ने स्पष्ट किया कि नई व्यवस्था का उद्देश्य रिजल्ट के दिन वेबसाइट पर होने वाले भारी ट्रैफिक के दबाव को कम करना और छात्रों को उनके घर के नजदीक ही परिणाम उपलब्ध कराना है।

