PACHWADUN MEDIA.COM
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर गोकशी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के अभियान के तहत कोतवाली सहसपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गोकशी के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गौमांस, दो चाकू और एक कुल्हाड़ी बरामद की है। मामले में कई अन्य आरोपियों को नामजद करते हुए उनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई की रात मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम खुशहालपुर क्षेत्र में कुछ लोग गोकशी की घटना को अंजाम दे रहे हैं। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक प्रदीप रावत के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान सावेज पुत्र दिलबहार (22 वर्ष), निवासी ग्राम खुशहालपुर, थाना सहसपुर को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए।
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से गौमांस, दो चाकू तथा एक कुल्हाड़ी बरामद की गई। इस संबंध में कोतवाली सहसपुर में उत्तराखण्ड गौवंश संरक्षण अधिनियम, 2007 की धारा 3/5/11 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर खुशहालपुर क्षेत्र में नदी किनारे आम के बाग में गाय का वध किया था तथा मांस बेचने की योजना बनाई थी। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि इससे पहले थाना सेलाकुई तथा सहसपुर क्षेत्र में भी अपने साथियों के साथ मिलकर गोकशी की घटनाओं को अंजाम दिया था। इन मामलों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने इस मामले में मुशर्रफ उर्फ काला, शादाब उर्फ फोती, लालू, शमीम, समीर उर्फ टीटला, आफताब, आशिफ उर्फ नानू, अमीर तथा सलमान उर्फ मुल्ला समेत अन्य आरोपियों को वांछित घोषित किया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सावेज के विरुद्ध वर्ष 2019 और 2021 में उत्तराखण्ड गौवंश संरक्षण अधिनियम के तहत तथा वर्ष 2022 में एनडीपीएस एक्ट के तहत भी मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया गया है।

