PACHWADUN MEDIA.COM
सहसपुर स्थित टीचर्स कॉलोनी में श्रद्धा और भक्ति का केंद्र पुरातन शिव शक्ति मंदिर इन दिनों अपने नव-निर्माण को लेकर चर्चा में है। मंदिर के जीर्णोद्धार और भव्य स्वरूप देने का कार्य तेजी से प्रगति पर है। इसी क्रम में आज मंदिर परिसर में सीढ़ियों के निर्माण का महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है।
जल्द होगी मूर्ति स्थापना
मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। समिति के सदस्यों ने बताया कि मंदिर का मुख्य ढांचा और अन्य निर्माण कार्य अपने अंतिम चरण में हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि बहुत जल्द मंदिर का निर्माण कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिया जाएगा। निर्माण कार्य संपन्न होते ही क्षेत्रवासियों और भक्तगणों के सहयोग से विधि-विधान के साथ भव्य मूर्ति स्थापना का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
समिति ने की सहयोग की अपील
मंदिर समिति ने इस पुनीत कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए समस्त धर्मप्रेमियों और क्षेत्रीय जनता से सहयोग का आह्वान किया है। समिति ने अपील की है कि भक्तगण अधिक से अधिक संख्या में मंदिर पहुंचकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। तथा मंदिर निर्माण की पूर्णता हेतु अपनी श्रद्धानुसार यथायोग्य दान दें, ताकि शेष बचे कार्यों को सुचारू रूप से पूरा किया जा सके। सीढ़ियों के कार्य के पूर्ण होने के अवसर पर मंदिर समिति के कई सेवादार और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। इनमें मुख्य रूप से मंदिर समिति के अध्यक्ष नवीन ठाकुर, मनोज शर्मा, पण्डित सुखदेव सेमवाल, संजय यादव, लालधर पांडे, विनोद पांडे, संजय सरोज तथा शैलेन्द्र मिश्रा आदि शामिल थे।
उपस्थित सभी लोगों ने मंदिर के निर्माण में शारीरिक और आर्थिक सहयोग देने वाले सभी दानदाताओं का आभार व्यक्त किया। टीचर्स कॉलोनी में शिव शक्ति मंदिर के इस नए स्वरूप को लेकर स्थानीय निवासियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।

