PACHWADUN MEDIA.COM
मुख्यमंत्री उत्तराखंड के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान को साकार करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून के निर्देशन में चलाई जा रही सटीक रणनीति रंग ला रही है। दून पुलिस ने नशा तस्करों के नेटवर्क पर करारी चोट करते हुए “ऑपरेशन प्रहार” के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की है। कोतवाली प्रेमनगर पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से ढाई लाख रुपये से अधिक कीमत की अवैध स्मैक और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही सेंट्रो कार बरामद की है।
सघन चेकिंग के दौरान हत्थे चढ़ा तस्कर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एसएसपी देहरादून द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त अपराधियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में 8 जुलाई 2026 को कोतवाली प्रेमनगर पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध सेंट्रो कार को रोककर तलाशी ली, तो उसमें से 8.45 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ प्रेमनगर कोतवाली में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है।
छात्रों को छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचने की थी फिराक
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त विनीत सिंह (उम्र 26 वर्ष) ने बताया कि वह मूल रूप से शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है। उसने कबूल किया कि जल्दी और ज्यादा पैसा कमाने के लालच में वह इस काले कारोबार में उतरा था। वह यह स्मैक शाहजहांपुर के ही एक अज्ञात युवक से खरीदकर लाया था और देहरादून में पढ़ने वाले छात्रों व स्थानीय नशेड़ियों को छोटी-छोटी पुड़ियां बनाकर महंगे दामों में बेचने की फिराक में था। लेकिन, मुनाफा कमाने से पहले ही वह दून पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
बरामदगी-अवैध स्मैक: 8.45 ग्राम (अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख 55 हजार रुपये), वाहन: तस्करी में प्रयुक्त एक सेंट्रो कार।
गिरफ्तार अभियुक्त- विनीत सिंह पुत्र स्व० हरीश चंद्र, निवासी: ग्राम ककराला (नियर मंदिर), कस्बा जलालाबाद, जिला शाहजहांपुर, उत्तर प्रदेश। (उम्र- 26 वर्ष)
पुलिस टीम-उ०नि० जैनेन्द्र सिंह राणा (चौकी प्रभारी, बिधौली कांस्टेबल श्रीकांत मलिक,कांस्टेबल राजेश चौहान,कांस्टेबल दिनेश लाल

