PACHWADUN MEDIA.COM
नशा तस्करो के विरुद्ध पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में शनिवार को सहसपुर कोतवाली पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए एक शातिर महिला नशा तस्कर को भारी मात्रा में अवैध स्मैक के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब ₹2,81,700 आंकी गई है।
चेकिंग के दौरान चानचक चौक के पास धरी गई अभियुक्ता
मिली जानकारी के अनुसार, एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर नशे के खिलाफ प्रभावी अंकुश लगाने और तस्करों की धरपकड़ के लिए कोतवाली सहसपुर के प्रभारी निरीक्षक द्वारा एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था। यह टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों की चेकिंग और अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए गश्त पर थी। इसी दौरान आकस्मिक चेकिंग करते हुए पुलिस टीम जब चानचक चौक से शंकरपुर रोड की तरफ बढ़ी, तो आम के बाग के पास एक महिला संदिग्ध अवस्था में दिखाई दी। महिला पुलिसकर्मी की मदद से जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके कब्जे से 8.39 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) बरामद हुई। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए अभियुक्ता को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
कसाई मोहल्ले की रहने वाली है महिला तस्कर
पकड़ी गई अभियुक्ता की पहचान जैतून (उम्र 58 वर्ष), पत्नी स्वर्गीय इस्लाम, निवासी कसाई मोहल्ला, बड़ा रामपुर, थाना सहसपुर, जनपद देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस ने अभियुक्ता के खिलाफ कोतवाली सहसपुर में धारा 8/21 NDPS Act (स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम) के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। पुलिस द्वारा वैधानिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद महिला को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुरानी हिस्ट्रीशीटर है जैतून, पहले भी दर्ज हैं संगीन मामले
पुलिस की पूछताछ और छानबीन में सामने आया है कि 58 वर्षीय जैतून एक शातिर और आदतन अपराधी है, जो लंबे समय से इस अवैध धंधे में संलिप्त है। उसका पुराना आपराधिक इतिहास भी सामने आया है । अभियुक्ता के खिलाफ पहले से ही नशा तस्करी के दो गंभीर मामले दर्ज हैं, जिससे साफ है कि वह क्षेत्र में स्मैक की बड़ी सप्लायर रही है।
पुलिस टीम-उ0नि0 नीरज त्यागी (कोतवाली सहसपुर, देहरादून), हे0का0 डब्बल सिंह (कोतवाली सहसपुर, देहरादून), का0 त्रेपन सिंह (कोतवाली सहसपुर, देहरादून), का0 उपेन्द्र भण्डारी (कोतवाली सहसपुर, देहरादून), म0का0 बबली नेगी (कोतवाली सहसपुर, देहरादून)

