PACHWADUN MEDIA.COM
प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के अंतर्गत विकासनगर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून के कड़े निर्देशों के अनुपालन में पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक अंतर-थाना अपराधी को भारी मात्रा में अवैध स्मैक के साथ दबोचा है।
चेकिंग के दौरान ट्यूबवेल के पास धरा गया तस्कर
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 12 मई 2026 की देर रात (23:05 बजे) पुलिस टीम कैनाल रोड स्थित ट्यूबवेल के पास संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को देख एक व्यक्ति ने भागने का प्रयास किया, जिसे मुस्तैद टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। जामा तलाशी लेने पर अभियुक्त के कब्जे से 7.39 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
अभियुक्त का विवरण और आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अमजद (35 वर्ष) पुत्र शहीद, निवासी ग्राम बड़ाघोर, शंकरपुर हुकुमतपुर, थाना सहसपुर (देहरादून) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के विरुद्ध धारा 8/21 NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है । पूछताछ में सामने आया कि अभियुक्त पूर्व में भी थाना सहसपुर से एनडीपीएस एक्ट के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस उसके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पुलिस की पूछताछ में अमजद ने स्वीकार किया कि वह पिछले 10-15 वर्षों से नशे का आदी है। उसने बताया कि वह बरामद स्मैक मिर्जापुर से किसी अज्ञात व्यक्ति से खरीदकर लाया था। वह इसका कुछ हिस्सा स्वयं इस्तेमाल करता था और बाकी को विकासनगर क्षेत्र में आने-जाने वाले ग्राहकों को ऊँचे दामों पर बेचने की फिराक में था, लेकिन ग्राहक मिलने से पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
कार्यवाही करने वाली पुलिस टीम
इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में उ.नि. मयंक त्यागी (चौकी प्रभारी हरबर्टपुर, कोतवाली विकासनगर), कानि. नवीन कोहली, कानि. नरेश पन्त, कानि. वृजपाल, कानि. प्रवीन तथा कानि. संजय शामिल रहे।
एसएसपी देहरादून ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। खण्डहरों, सुनसान रास्तों और शिक्षण संस्थानों के आस-पास विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि युवा पीढ़ी को इस दलदल से बचाया जा सके।
अभियुक्त को आज संबंधित न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

