PACHWADUN MEDIA.COM
मुख्यमंत्री के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान को साकार करने की दिशा में विकासनगर पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस ने दो अलग-अलग कार्यवाहियों में 17.62 ग्राम अवैध स्मैक के साथ दो शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अभियुक्तों के पास से एक ऑल्टो कार और एक स्कूटी भी बरामद की गई है।
पहली कार्रवाई: देहरादून-पांवटा हाईवे पर ऑल्टो से पकड़ी स्मैक
दिनांक 7 मई 2026 को चेकिंग के दौरान देहरादून-पांवटा साहिब नेशनल हाईवे पर पुलिस टीम ने एक संदिग्ध ऑल्टो कार (UK07BT-3409) को रोका। तलाशी लेने पर चालक दिलशाद उर्फ शानू के पास से 07.48 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
पूछताछ में खुलासा: अभियुक्त ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से वसीम नामक व्यक्ति से स्मैक खरीदकर लाया था। दिलशाद पहले भी सहसपुर और सेलाकुई थानों से तस्करी व चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।
दूसरी कार्रवाई: डाकपत्थर झूला पुल के पास स्कूटी सवार गिरफ्तार
8 मई 2026 की रात को डाकपत्थर पुलिस ने बैराज रोड झूला पुल के पास चेकिंग के दौरान एक स्कूटी (UK16E-9927) को रोका। स्कूटी सवार आसिफ निवासी डाकपत्थर की तलाशी लेने पर उसके पास से 10.13 ग्राम अवैध स्मैक मिली।
अपराध का इतिहास: अभियुक्त आसिफ एक आदतन अपराधी है। उसके विरुद्ध विकासनगर कोतवाली में लूट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस के आधा दर्जन मामले दर्ज हैं। वह इसी साल (2026) भी एनडीपीएस एक्ट में जेल जा चुका है।
पुलिस टीम की मुस्तैदी
इस कार्यवाही को अंजाम देने वाली दो अलग-अलग टीमों का नेतृत्व उ0नि0 जावेद हसन और डाकपत्थर चौकी प्रभारी उ0नि0 संदीप पंवार ने किया। टीम में कांस्टेबल नितिन कुमार, राजकुमार, रविंद्र सिंह चौहान और पदम सिंह शामिल रहे।
पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे स्वयं नशे के आदी हैं और अपने खर्चे पूरे करने के लिए स्मैक की तस्करी करते हैं। पुलिस अब उन मुख्य सप्लायरों (वसीम और सोएब) के खिलाफ साक्ष्य जुटा रही है, जिनसे ये आरोपी माल खरीदते थे। जल्द ही उनकी भी गिरफ्तारी की जाएगी।
पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।

