PACHWADUN MEDIA.COM
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ विजन को धरातल पर उतारने के लिए देहरादून पुलिस पूरी तरह से एक्शन मोड में है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में पूरे जनपद में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत विकासनगर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक ऐसे शातिर अपराधी को दबोचा है, जिसके खिलाफ पहले से ही आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
चेकिंग के दौरान पकड़ा गया तस्कर
जानकारी के अनुसार, कोतवाली विकासनगर पुलिस की टीम दिनांक 21/22 अप्रैल 2026 की देर रात ढालीपुर गांव के रास्ते छतरी के पास सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध अवस्था में घूम रहे एक युवक को रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से 8.84 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस बरामद स्मैक की कीमत लगभग 03 लाख रुपये आंकी गई है।
अभियुक्त का विवरण
गिरफ्तार किए गए अभियुक्त की पहचान रिजवान उर्फ पटवारी (उम्र 25 वर्ष), पुत्र शमशाद, निवासी जंगलात चौकी के पास, सहसपुर, देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
सस्ते में खरीदकर महंगे दामों पर बेचने की थी फिराक
पूछताछ के दौरान अभियुक्त रिजवान ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि वह खुद भी नशे का आदी है। अपनी नशे की लत को पूरा करने और मोटा मुनाफा कमाने के लिए उसने यह स्मैक कुल्हाल क्षेत्र की एक महिला से सस्ते दामों में खरीदी थी। वह इसे विकासनगर और आसपास के क्षेत्रों में अन्य नशेड़ियों को महंगे दाम पर बेचने की योजना बना रहा था।
अपराध की दुनिया का पुराना खिलाड़ी
रिजवान उर्फ पटवारी कोई नौसिखिया नहीं बल्कि एक शातिर अपराधी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ विकासनगर, सहसपुर और सेलाकुई थानों में 09 गंभीर मामले दर्ज हैं। इनमें चोरी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट जैसी धाराएं शामिल हैं। वह पहले भी कई बार जेल जा चुका है।
पुलिस टीम
उ0नि0 सनोज कुमार (चौकी प्रभारी हरबर्टपुर)
उ0नि0 विवेक भण्डारी (चौकी प्रभारी कुल्हाल)
का0 प्रवीन कुमार
का0 राजेन्द्र बर्तवाल
एसएसपी देहरादून ने स्पष्ट किया है कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत नशे के सौदागरों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

