PACHWADUN MEDIA.COM
‘ऑपरेशन प्रहार’ के अंतर्गत दून पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना सेलाकुई पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों का पर्दाफाश करते हुए एक अंतरराज्यीय शातिर चोर गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से करीब 40 लाख रुपये मूल्य के चोरी के जेवरात/सामान और 3 लाख 90 हजार रुपये की नकदी बरामद की है।
बंद मकानों की रैकी कर देते थे अंजाम
पूछताछ में पकड़े गए अभियुक्तों ने बताया कि वे मूल रूप से दिहाड़ी मजदूरी करते हैं। अपनी सुख-सुविधाओं और खर्चों को पूरा करने के लिए उन्होंने चोरी की योजना बनाई। वर्तमान में गर्मी की छुट्टियों के कारण जो परिवार अपने घरों में ताला लगाकर बाहर घूमने गए थे, ये शातिर दिन में काम ढूंढने के बहाने उन बंद मकानों की रैकी करते थे और रात के अंधेरे का फायदा उठाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। वे चोरी का माल शंकरपुर, सहसपुर स्थित एक किराए के कमरे में छिपाकर रखते थे और उसे धीरे-धीरे बेचकर अपना खर्चा चलाते थे।
चेकिंग के दौरान धरे गए शातिर
पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि आरोपी किसी नई घटना को अंजाम देने की फिराक में सेलाकुई क्षेत्र में घूम रहे हैं। इस पर पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध ग्लैमर मोटरसाइकिल (UK-07-AA-2277) पर सवार दो युवकों को रोका। तलाशी लेने पर उनके पास से ताला तोड़ने वाले उपकरण (आलानकब) बरामद हुए। सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने सेलाकुई क्षेत्र के 5 अलग-अलग बंद घरों में चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को सीज कर दिया है। इसके अलावा, मुख्य अभियुक्त विकास द्वारा चोरी का माल बेचकर अपने बैंक खाते में जमा कराए गए 2 लाख 50 हजार रुपये को भी पुलिस ने फ्रीज करवा दिया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:
विकास (उम्र 21 वर्ष) पुत्र नाथी राम, निवासी: झीवर हेडी, जयन्तीपुर, थाना बिहारीगढ़, जिला सहारनपुर (उ०प्र०)।
सुमित कुमार (उम्र 27 वर्ष) पुत्र स्व. धर्मसिंह, निवासी: ग्राम हुसैनमलिकपुर, थाना बेहट, जिला सहारनपुर (उ०प्र०)।
आपराधिक इतिहास
पकड़े गए दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। दोनों के खिलाफ थाना सेलाकुई में चोरी के 5 मामले (मु.अ.सं.- 40/2026, 69/2026, 75/2026, 81/2026 और 82/2026) पंजीकृत हैं। इसके अलावा सुमित कुमार के खिलाफ वर्ष 2018 में थाना सहसपुर में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट और वर्ष 2017 में हरियाणा के थाना बूड़िया में भी चोरी का मुकदमा दर्ज है। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह में इनका एक और साथी भी शामिल है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
पुलिस टीम को मिला इनाम- इस बेहद संवेदनशील और बड़ी चोरियों का सफल अनावरण करने वाली पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए एसएसपी देहरादून द्वारा 2500 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की गई है।
पुलिस टीम-
थाना सेलाकुई: थानाध्यक्ष लोकपाल परमार, व.उ.नि. विवेक भण्डारी, उ.नि. सुमेर सिंह, उ.नि. कृपाल सिंह, उ.नि. प्रवीन कुमार, हे.का. महेन्द्र, का. बृजेश रावत, का. सुधीर और का. सोहन।
एसओजी (SOG) देहात टीम: निरीक्षक के.आर. पांडे (प्रभारी), का. नवनीत नेगी, का. जितेन्द्र सिंह, का. सोनी कुमार, का. विपिन और का. मनोज।

